राजधानी भोपाल के चर्चित 'ट्विशा शर्मा' संदिग्ध मौत मामले में सोमवार को जिला अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मृतका के आरोपी पति और पेशे से वकील समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इधर, पुलिस ने फरार आरोपी समर्थ सिंह पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है और उसके देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते पासपोर्ट कार्यालय को भी पत्र लिखा है। इस बीच, आरोपी की मां (पूर्व जज) की ओर से अदालत में दिए गए आवेदन के बाद यह मामला बेहद गरमा गया है, जिसमें मृतका पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
 

फरार आरोपी पति पर 10 हजार का ईनाम

सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप कौल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। ACP कौल के मुताबिक, उसे पकड़ने के लिए पुलिस की 6 अलग-अलग टीमें लगातार काम कर रही हैं। इसके साथ ही आरोपी के देश से बाहर भागने की संभावना को रोकने के लिए पासपोर्ट कार्यालय से भी पत्राचार किया गया है, ताकि आवश्यक संवैधानिक कार्रवाई की जा सके।

कौन थीं ट्विशा शर्मा?

नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह के साथ हुई थी। शादी के महज 5 महीने बाद, 12 मई को भोपाल स्थित उनकी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में ट्विशा की मौत हो गई थी। मौत के बाद ट्विशा के मायके पक्ष ने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को दहेज के लिए लगातार और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

Source link

Picture Source :