दिल्ली की रोहिणी अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार का तबादला कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद हुई, जिसमें अदालत परिसर के भीतर उनकी एक वकील के साथ तीखी बहस और कथित अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा गया था।

दो दिन पहले सामने आए इस वीडियो में जज राकेश कुमार और रोहिणी जिला अदालत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। वकील ने आरोप लगाया था कि न्यायाधीश ने उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

वकील ने रिकॉर्ड कर लिया वीडियो

बताया जा रहा है कि बहस के दौरान वकील ने पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी थी। वीडियो में दोनों पक्षों को ऊंची आवाज में बहस करते हुए सुना जा सकता है। वायरल क्लिप में न्यायाधीश कथित तौर पर यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि उन्हें पता है कि वकील की हाईकोर्ट के न्यायाधीशों से पहचान है, लेकिन वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।

इधर, रोहिणी अदालत के वकीलों ने न्यायाधीश के कथित दुर्व्यवहार और अभद्र आचरण के विरोध में सोमवार को कामकाज से दूर रहने का फैसला किया है। वकीलों का कहना है कि अदालत की गरिमा बनाए रखने के लिए इस तरह के व्यवहार पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कानूनी गलियारों में हलचल बनी हुई है।

Source link

Picture Source :