ग्वालियर। न्यायिक मजिस्ट्रेट पर हमला करने के मामले में नामजद शिवम यादव को भी थाटीपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह पकड़ लिया। दो आरोपितों को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। एसपी अमित सांघी ने शेष बचे तीन आरोपितों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। जिन तीन आरोपितों पर इनाम घोषित हुआ है, उनमें इस घटना का मास्टर माइंड सुधीर कमरिया भी शामिल है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण क्लू मिले हैं। पुलिस पार्टी उसे पकड़ने के लिए भेजी गई है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन जैन की बंगले के सामने मारपीट कर सोने की चेन लूटने के मामले में नामजद शिवम यादव को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि उन्हें नहीं मालूम था कि जिनसे उनका विवाद हुआ है, वह मजिस्ट्रेट हैं। अन्यथा किसी भी सूरत में वे उन पर हाथ नहीं उठाते। लूटी गई सोने की चेन के संबंध में आरोपित अनभिज्ञता जता रहा है।
घोसीपुरा इलाके में गोली चलाने वाला पकड़ा: बहोड़ापुर थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि घोसीपुरा रेलवे स्टेशन के पास फायर कर दहशत फैलाने वाले युवक को पकड़ लिया है। आरोपित के पास से कट्टा व एक कारतूस भी बरामद किया गया है। आरोपित के गोली चलाने की सूचना फोन पर मिली थी कि आरोपित गोली चलाकर भाग गया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
हत्या के प्रयास में फरार तीन-तीन हजार के इनामी पकड़े: यूनिवर्सिटी थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीन नामजद आरोपितों के संबंध में शुक्रवार को सूचना मिली कि मुखर्जी पेट्रोल पंप के पास देखे गए हैं। इस सूचना पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी पर तीन-तीन हजार का इनाम घोषित था।
अवैध शराब के मामले में फरार चल रहे इनामी को पकड़ा: डीएसपी क्राइम रत्नेश तोमर व विजय भदौरिया को शुक्रवार को सूचना मिली कि आबकारी एक्ट के मामले में फरार चल रहे तीन हजार का इनामी गोला का मंदिर क्षेत्र में घूमता देखा गया है। आरोपित को एसआइ पप्पू यादव के नेतृत्व में पुलिस पार्टी भेजकर पकड़ लिया गया।
Source Link
Picture Source :

