पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा का पर्सनल डाटा चुराकर 20 करोड़ रुपए उगाही करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि सेक्रेटरी सोनिया धवन और तीन कर्मचारियों ने डेटा चोरी कर उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी. इसके एवज में 20 करोड़ रुपए की मांग रखी। इस बाबत नोएडा के सेक्टर 20 में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने सोनिया समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। अजय शेखर के मुताबिक, 20 सितंबर को पहली बार थाईलैंड के वर्चुअल नंबर से डेटा लीक करने के लिए धमकी भरा फोन आया था दूसरे दिन उसी नंबर से विजय के पास भी फोन आया।
नोएडा के एसएसपी अजय पाल शर्मा के मुताबिक विजय शर्मा ने उनसे शिकायत की थी कि कोई उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है. विजय शर्मा ने बताया कि 20 सितंबर को जब वे जापान में थे, उसी समय उनके पास थाइलैंड के एक नंबर से ब्लैकमेलर का कॉल आया. उसने दावा किया कि विजय शर्मा के निजी डाटा उसके पास हैं. इसके एवज में ब्लैकमेलर ने 20 करोड़ की मांग की. एसएसपी अजय ने बताया कि इस कॉल को इजरायल के आईटी एक्सपर्ट की मदद से ट्रेस किया गया। दरअसल पुलिस वर्चुअल नंबर को ट्रेस नहीं कर पा रही थी, इसलिए कंपनी के अधिकारियों ने इजरायल के एक्सपर्ट से मदद ली, तब जाकर कोलकाता में रहने वाले आरोपी की असलियत सामने आई।
कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और विजय शर्मा के भाई अजय शर्मा के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग एक अक्टूबर से शुरू हुई थी। हमने 10 अक्टूबर को महज 67 रुपए आरोपी के अकाउंट में डालकर उसके बैंक की डिटेल ली। फिर 15 अक्टूबर को 2 लाख रुपए उनके बताए बैंक अकाउंट में जमा भी करा दिए। इससे आरोपियों का हौसला बढ़ गया। फिर हमने पुलिस में शिकायत की।
ऐसे मामले का खुलासा हुआ : अजय शेखर ने बताया कि ब्लैकमेल करने वाले कोलकाता के आरोपी रोहित चोमल को पैसे देने के बाद नोएडा पुलिस को जानकारी दी गई। पड़ताल में पता चला कि सोनिया, रूपक और कंपनी का एडमिन देवेंद्र तीनों मिलकर रोहित के साथ इस साजिश में शामिल हैं। इसलिए सेक्टर-20 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
Picture Source :

