विवादित फिल्म 'काला हिरण- द बैटल फॉर लेगेसी' का फर्स्ट लुक आज शुक्रवार को जारी किया गया है। यह फिल्म रिलीज से पहले ही विवाद में है। इसके खिलाफ सलमान खान ने मेकर्स को कानूनी नोटिस पहले ही जारी कर दिया है। इसी बीच मेकर्स ने फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया। अब दबंग खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग की है। 

अभिनेता ने अंतरिम राहत की मांग की

फिल्म 'काला हिरण' कथित तौर पर सलमान खान के साल 1998 में हुए काला हिरण मामले पर आधारित है। आज जारी हुए फर्स्ट लुक में मुख्य किरदार का नाम भी सलमान खान के नाम से मिलता हुआ है। लुक भी अभिनेता जैसा है और किरदार ने उन्हीं के जैसा ब्रेसलेट भी पहना हुआ है। इस बीच सलमान खान ने हाईकोर्ट का रुख किया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सलमान खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' नाम की प्रस्तावित फिल्म के मेकर्स के खिलाफ अंतरिम राहत की मांग की है।

सलमान खान ने क्या आरोप लगाया?

सलमान खान का आरोप है कि यह प्रोजेक्ट गैर-कानूनी तरीके से उनके पर्सनैलिटी राइट्स' (व्यक्तित्व अधिकारों) का इस्तेमाल करता है और इससे उनकी प्रतिष्ठा के साथ-साथ 1998 के काले हिरण के शिकार मामले से जुड़ी चल रही कानूनी कार्यवाही पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

फैसला होने तक रिलीज पर रोक की मांग

हाई कोर्ट में पहले से चल रहे एक कमर्शियल केस में 'कोड ऑफ सिविल प्रोसीजर' के ऑर्डर XXXIX के नियम 1 और 2 के तहत एक अर्जी दाखिल की गई है। इसमें फिल्म के निर्माता अमित जानी, प्रोडक्शन हाउस जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, डायरेक्टर भरत श्रीनेत, अक्षय पांडे और इस प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य लोगों को प्रस्तावित फिल्म बनाने, प्रमोट करने, डिस्ट्रीब्यूट करने, दिखाने, स्ट्रीम करने या रिलीज करने से रोकने के लिए 'एड-इंटरिम इंजंक्शन' (अस्थायी रोक) की मांग की गई है, जब तक कि केस का फैसला नहीं हो जाता।

Source Link

Picture Source :