वरुण धवन की है जवानी तो इश्क होना है सिनेमाघरों में आज यानी 5 जून को रिलीज हो गई है. फिल्म पिछले काफी दिनों से चर्चा में थी, जिसका कारण चुनरी चुनरी गाने का कॉपीराइट का मामला था. इसी बीच मामले में फिल्मकार वाशु भगनानी की फिल्म निर्माण कंपनी 'पूजा एंटरटेनमेंट लिमिटेड' को बॉम्बे हाई कोर्ट से झटका लगा है. कोर्ट ने 5 जून को रिलीज हुई फिल्म “है जवानी तो इश्क होना है” की रिलीज पर तत्काल अंतरिम रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया है. यह फिल्म भारत सहित दुनिया भर के सिनेमाघरों में तय कार्यक्रम के अनुसार रिलीज हो सकेगी।
गानों के इस्तेमाल पर पूजा एंटरटेनमेंट को था एतराज
पूजा एंटरटेनमेंट ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर फिल्म “है जवानी तो इश्क होना है” की रिलीज का विरोध किया था. याचिका में मुख्य रूप से फिल्म में इस्तेमाल किए गए दो लोकप्रिय गानों चुनरी चुनरी” और “इश्क सोना है” के कॉपीराइट और इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई थी।
कोर्ट ने तत्काल राहत देने से किया इनकार
इस मामले की सुनवाई 3 जून 2026 को बॉम्बे हाई कोर्ट के अवकाशकालीन न्यायाधीश न्यायमूर्ति फरहान दुबाश की पीठ के समक्ष हुई. पूजा एंटरटेनमेंट की दलीलों को सुनने के बाद, कोर्ट ने फिल्म या गानों की रिलीज पर किसी भी तरह का स्टे देने से मना कर दिया और कंपनी को कोई भी तात्कालिक अंतरिम राहत नहीं दी।
सुनवाई के दौरान प्रतिवादी पक्ष के वरिष्ठ वकील रवि कदम ने कोर्ट के सामने यह मुद्दा रखा कि याचिकाकर्ता पूजा एंटरटेनमेंट ने बहुत देरी से अदालत का रुख किया है, जबकि फिल्म की रिलीज की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. इसके साथ ही प्रतिवादियों ने पूजा एंटरटेनमेंट पर 'फोरम शॉपिंग' अपनी पसंद की अदालत से अनुकूल आदेश पाने की कोशिश का भी आरोप लगाया।
दलील में कहा गया कि पूजा एंटरटेनमेंट ने पहले इसी विषय को लेकर बिहार के कटिहार की एक अदालत में मुकदमा दायर किया था, जहां 6 मई को कटिहार कोर्ट ने यथास्थिति Status Quo बनाए रखने का आदेश दिया था. इसके बाद यह कानूनी विवाद पटना हाई कोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया तक भी पहुंच चुका है.
दुनिया भर के 4,100 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई फिल्म
अदालत को सूचित किया गया कि इस फिल्म की रिलीज के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई. यह फिल्म भारत में लगभग 1,900 सिनेमाघरों की 3,000 स्क्रीन्स पर प्रदर्शित हुई है. इसके साथ ही दुनिया भर के 70 से अधिक देशों में 1,100 स्क्रीन्स पर इस फिल्म को रिलीज करने की योजना बनाई गई है. इतनी बड़ी रिलीज के मुहाने पर फिल्म को रोकना सही नहीं होगा।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ रखा है. फिल्म आज रिलीज हो चुकी है, अब इस मामले की अगली सुनवाई 8 जून 2026 को नियमित पीठ के समक्ष होगी, जहां इस पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
Picture Source :

