सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि उन्होंने मार्च 2025 में एक कॉन्सर्ट के दौरान 'वॉल्यूम 1' गाना नहीं गाया था। हिंदू शक्ति दल ने इस मामले में याचिका दायर की हुई है जिसमें कहा गया है कि हनी सिंह ने एक कॉन्सर्ट में इस गाने की कुछ लाइन गाई थी जिससे ये साफ होता है कि हनी सिंह ने ही इस गाने को गया है। इस बात को लेकर काफी विवाद रहा है कि यह गाना किसने गाया है।
जस्टिस पुरुषैंद्र कुमार कौरव ने याचिका पर सुनवाई के दौरान यो यो हनी सिंह को हलफनामा देने का निर्देश दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता राजशेखर राव आज हनी सिंह की ओर से पेश हुए और उन आरोपों का खंडन किया कि सिंगर ने मार्च 2025 में एक म्यूजिकल कॉन्सर्ट के दौरान इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 'वॉल्यूम 1' गाया था।
'कोई न कोई ऑडियो या वीडियो क्लिप तो जरूर होगी'
अधिवक्ता राजशेखर राव ने हनी सिंह की ओर से कहा 'यह बदनामी अब खत्म होनी चाहिए। यह मेरा किया धरा नहीं है। ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं, और न ही मैंने गाना गाया। आज के जमाने में, मैं खुद से एक सवाल पूछ रहा हूं कि अगर ऐसा कुछ किसी ऐसे स्टेडियम में हुआ है जहां 50 हजार से ज्यादा लोग थे, तो उसकी कोई न कोई ऑडियो या वीडियो क्लिप तो जरूर होगी।'
गाने को हटाने के आदेश पहले ही दिए जा चुके
कोर्ट ने इससे पहले 2 अप्रैल को हनी सिंह-बादशाह के गाने को अश्लील बताते हुए बड़ा एक्शन लिया था। कोर्ट ने केंद्र सरकार को गाने को सभी सोशल मीडिया और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से हटाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने आदेश जारी करते हुए यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि गाने का कोई हिस्सा या उसके बोल भी कभी पब्लिक डोमेन में न आएं। कोर्ट ने गाने को महिलाओं का अपमान करने वाला, अश्लील बताया था। यही नहीं कोर्ट ने कहा था कि गाना में कला या समाज के लिहाज से कोई भी खूबी नहीं। कोर्ट ने कहा था कि कला के नाम पर गंदगी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
जज ने खुद चैंबर में सुना था गाना
जस्टिस पुरुषैंद्र कुमार कौरव ने अपने चेंबर में यह गाना सुना और कहा कि यह एक ऐसा दुर्लभ मामला है जिसने कोर्ट की अंतरात्मा को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है।
आपको बता दें कि 'वॉल्यूम 1' गाना 20 साल पुराना है। ये गाना साल 2006 में रिलीज किया गया था। ये गाना हिप-हॉप ग्रुप 'माफिया मुंडीर' के शुरुआती दौर में आया था। बाद में ये ग्रुप टूट गया। सिंगर और रैपर बादशाह भी इस ग्रुप का हिस्सा रहे हैं। इस ग्रुप में तब रफ्तार, मनी औजला, लिल गोलू और दे स्टार जैसे कला शामिल थे।
हनी सिंह के गाने पर अक्सर होता है विवाद
हनी सिंह ने कई ऐसे गाने गाए हैं जिनपर विवाद हुआ है। हनी के गानों को लेकर कहा जाता है कि वे अश्लीलता फैलाते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं। हालांकि हनी सिंह ने हाल में कहा था कि वे अब पहले जैसे गाने न लिख रहे हैं और न ही गा रहे हैं।
Picture Source :

