"केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा के मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट के एक दिन बाद आज (गुरुवार, 2 अप्रैल को) पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट को बम से उड़ने की धमकी मिली है। चंडीगढ़ पुलिस हेडक्वार्टर को भेजे एक ईमेल में यह धमकी दी गई है। ईमेल मिलने के बाद से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। हाई कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर एंट्री और मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। डॉग और बम स्क्वायड ने भी चेकिंग की है।"
बीजेपी ने पूछा, आप सरकार किन लोगों के प्रभाव में काम कर रही
"इस बीच, चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय की सुरक्षा की जिम्मेदारी पंजाब पुलिस के पास थी। शर्मा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार परोक्ष रूप से ऐसे तत्वों के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है, जिन्हें बाहर से फंडिंग मिल रही है। अब हमलावर घटनाओं के वीडियो बनाकर फैलाने लगे हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। कुछ ताकतें पंजाब के सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल करते हुए पूछा कि सरकार किन लोगों के प्रभाव में काम कर रही है।"
अपनी जिम्मेदारी खुद ले बीजेपी: सीएम मान
"कानून व्यवस्था पर पहले ही बुरी तरह से घिर चुकी पंजाब सरकार के सामने अब पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट से मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इस ब्लास्ट के बाद सीएम भगवंत मान ने कहा कि जब वह चंडीगढ़ को पंजाब की राजधानी बताते हैं, तो उन्हें गद्दार कहा जाता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी चाहिए और इस तरह की बेबुनियाद बातें नहीं करनी चाहिए।"
अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
"बुधवार शाम को पंजाब बीजेपी के मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट हुआ था। इससे मौके पर खड़ी कई कारों के शीशे टूट गए और आसपास की दीवार पर छर्रों के निशान बन गए। घटना के 2 वीडियो वायरल हुए, जिसमें से एक में व्यक्ति ग्रेनेड बम फेंकता दिखा जबकि, दूसरे वीडियो में बाइक पर जाते दो लोग दिखे, जिन्हें हमलवार बताया गया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी वायरल हुई, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन ने ली। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।"
Picture Source :

