सुप्रीम कोर्ट की ओर से एसएससी सीजीएल-2017 का रिजल्ट जारी करने के आदेश के बाद अब परीक्षार्थियों में खुशी का माहौल है। एसएससी की ओर से फरवरी 2018 में हुई सीजीएल-2017 टियर-2 परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत पर परीक्षार्थियों ने पूरे देश में धरना-प्रदर्शन किया।परीक्षार्थियों के आंदोलन के बीच ही एसएससी ने सीजीएल टियर-2 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम घोषित होने के बीच आंदोलन कर रहे परीक्षार्थियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने सीजीएल-2017 और सीएचएसएल-2017 परीक्षा के रिजल्ट पर रोक लगा दिया। परिणाम पर रोक लगने के बाद से परीक्षार्थी लगातार अपनी मांग को लेकर आंदोलन करते रहे। अब कोर्ट की ओर से रोक हटाए जाने के बाद सीजीएल-2017 और सीएचएसएल-2017 के परिणाम घोषित होने की उम्मीद जग गई है।
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से घोषित 2017 की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में पूरे देश में 29 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस परीक्षा में एसएससी मध्य क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं बिहार) से सात लाख परीक्षार्थी शामिल हुए। पहले चरण की परीक्षा के बाद टियर-टू की परीक्षा केलिए कुल 1.50 लाख अभ्यर्थी सफल हुए। इसमें 35 हजार परीक्षार्थी मध्य क्षेत्र से शामिल हुए। टियर-टू की परीक्षा के बाद तीसरे चरण की परीक्षा के लिए देश भर में कुल 47003 परीक्षार्थी सफल हुए, इसमें मध्य क्षेत्र से 7810 परीक्षार्थी शामिल हैं। अब कोर्ट की ओर से रोक हटाए जाने केबाद जल्द ही परिणाम घोषित होगा।
Picture Source :

