उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण और न्यायमूर्ति सूर्य कांत को पदोन्नत कर शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश केंद्र सरकार से की है। न्यायमूर्ति गवई फिलहाल बंबई उच्च न्यायालय में न्यायाधीश हैं जबकि न्यायमूर्ति सूर्य कांत हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपडेट की गई सिफारिश के अनुसार प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय कॉलेजियम ने बुधवार को हुई बैठक में अंतत: दो लोगों को शीर्ष अदालत भेजने की सिफारिश की।
न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई को 14 नवंबर 2003 को बॉम्बे उच्च न्यायालय का जज नियुक्त किया गया था और वह तब से इस पद पर कार्यरत हैं। वहीं न्यायमूर्ति सूर्य कांत को 9 जनवरी 2004 को पंजाब और हरियाणा का जज नियुक्त किया गया था। उन्हें 5 अक्तूबर 2018 को हिमाचल प्रदेश का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था।
न्यायमूर्ति बोस, बोपन्ना को शीर्ष अदालत में पदोन्नति की सिफारिश दोहराई वहीं कॉलेजियम ने जस्टिस अनिरूद्ध बोस और जस्टिस ए एस बोपन्ना को सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत करने पर सरकार की आपत्तियों को अस्वीकार करते हुये उनके नामों की फिर से सिफारिश की है। कॉलेजियम ने कहा है कि उनकी कार्यक्षमता, आचरण और निष्ठा के बारे में कुछ भी प्रतिकूल नहीं मिला है।जस्टिस बोस झारखण्ड उच्च न्यायालय और जस्टिस बोपन्ना गोवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।
शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों के 31 पद स्वीकृत हैं। फिलहाल न्यायालय में 27 न्यायाधीश हैं।
Picture Source :

