केरल के सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने वाली दो महिलाओं में से एक कनकदुर्गा पर हमला हुआ है। सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने वाली महिला पर उसकी सास ने कथित रूप से हमला किया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर बैन हटाए जाने के बाद कनकदुर्गा यहां भगवान अयप्पा के दर्शन करने वाली महिलाओं के पहले जत्थे में शामिल थी. उसने दो जनवरी को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया था. सिर पर चोट के चलते उन्हें अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मंदिर में प्रवेश करने की वजह से उनकी सास नाराज थीं। कनकदुर्गा ने इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

2 जनवरी को कनकदुर्गा और बिंदू नाम की महिलाओं ने सबरीमाला मंदिर में प्रवेश कर दर्शन किए थे। इसी के बाद से कनकदुर्गा अलग-अलग जगहों पर रह रही थीं। उन्हें डर था कि जो लोग उनका विरोध कर रहे हैं वह उन पर हमला कर सकते हैं। इस बीच मंगलवार सुबह जब वह घर लौटी तो उसकी सास ने कथित रूप से उसके सिर पर वार कर दिया. कनकदुर्गा को पेरिनथलमन्ना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

कनकदुर्गा सिविल सर्विस में कार्यरत हैं, वहीं बिंदु केरल के कन्नूर यूनिवर्सिटी में लॉ लेकचरर हैं. दोनों महिलाओं को तब से लगातार धमकियां मिल रही हैं.

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर में 50 वर्ष से कम आयुवर्ग की महिलाओं के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया था, जिसके बाद पिछले साल सितंबर से ही सबरीमाला मंदिर विवादों के केंद्र में है. सितंबर से ही सबरीमाला मंदिर क्षेत्र में मंदिर परिसर के अधिकारियों और श्रद्धालुओं के बीच झड़प हो रही है. श्रद्धालुओं का हिंसक विरोध प्रदर्शन भी आए दिनों देखने को मिल रहा है.

 

Source

Picture Source :