दिल्ली हाईकोर्ट में अचानक एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग की तैयारी चल रही थी, जज बैठ चुके थे और फिर अचानक वीसी के दौरान हाइकोर्ट में अश्लील वीडियो चल गया। इस घटना से कोर्ट में हड़कंप मच गया।

दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अदालत में एक मामले की वर्चुअल सुनवाई की तैयारी के दौरान घटी इस घटना ने सभी को सकते में डाल दिया। जानकारी के मुताबिक जब मुख्य न्यायाधीश मामले की सुनवाई करने जा रहे थे तभी अदालत में अचानक अश्लील वीडियो चलने लगा।

बताया जा रहा है कि वीडियो एक नहीं बल्कि दो बार चला, जिससे कोर्टरूम में मौजूद जज, वकील और अन्य लोग हैरान रह गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह वीडियो वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग (VC) सिस्टम के जरिए प्ले हुआ।

सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो श्रीधर सार्नोबत और शितजीत सिंह के लॉग-इन से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि मामले की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

कोर्ट सूत्रों के मुताबिक इस घटना के तुरंत बाद एहतियातन वीसी सिस्टम को बंद कर दिया गया और तकनीकी टीम को जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना ने अदालतों में वर्चुअल सुनवाई की सुरक्षा और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और जिम्मेदारी तय किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।

Source Link

Picture Source :