हयात होटल में पिस्तौल लहराने और एक कपल को धमकाने के आरोपी आशीष पांडे ने गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इससे पहले उसने एक बयान जारी कर कहा कि मुझे आतंकवादी की तरह पेश किया जा रहा है। आशीष ने इस पूरी घटना पर सफाई दी और कहा कि नेता का बेटा होने के कारण उनको सीधे दोषी ठहराया जा रहा है। इस मामले में विरोधी पक्ष की तरफ से हुई गलत कार्रवाई को भी देखा जाए। पांडे ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों से मेरा मीडिया ट्रायल किया जा रहा है। मुझे इस तरह पेश किया जा रहा है, जैसे मैं आतंकवादी हूं।''लेडीज टॉइलट के पास हुआ क्या था, CCTV से पता चल जाएगा' आशीष ने कहा, 'उस दिन हुई घटना को मैं नकार नहीं रहा हूं। यह मामला इतना बड़ा बन गया है इसकी जानकारी मुझे तीन दिन बाद मिली। इस घटना को सिर्फ एक पक्ष के नजरिए से ही दिखाया जा रहा है। अगर आप सीसीटीवी फुटेज चेक करेंगे तो पाएंगे कि उस रात लेडीज टॉयलेट में कौन गया था? किसने किसे धमकी दी थी, वहां कौन घुसा हुआ था। मैं इस बात को मानता हूं कि अपनी सुरक्षा के लिए मैं लाइसेंस गन लेकर निकला था। मैंने किसी पर भी बंदूक नहीं तानी है। मेरा हथियार पूरे समय मेरे पीछे है। मैंने उस लड़की को न तो कोई धमकी दी न ही कोई अभद्रता की। मैंने उस लड़की को अड्रेस तक नहीं किया।'

पांडे ने कहा कि उसने मुझे धक्का दिया और गलत इशारे भी किए। मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। इसलिए मैंने सरेंडर करने का फैसला किया है। मेरे खिलाफ कोई पुलिस केस नहीं है। न्यायिक प्रक्रिया के जरिए ही अपना सरेंडर करूंगा।'

बता दें कि दिल्ली के फाइव स्टार होटल हयात में पिस्तौल लहराने के बाद से फरार चल रहे बीएसपी के पूर्व सांसद के बेटे आशीष पांडे ने गुरुवार को दिल्ली के कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पांडे की तलाश में दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस जुटी हुई थी। बुधवार को आशीष की तलाश में पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की थी। आशीष के खिलाफ एक अदालत ने गैर-जमानती वॉरंट भी जारी किया था।

क्या है आरोप आशीष बसपा के पूर्व सांसद का बेटा है। आशीष पर आरोप है कि उसने होटल के लेडीज टॉयलेट में घुसने की कोशिश की थी। पीड़ित राहुल कंवर और उसकी महिला दोस्त को जान से मारने की धमकी दी थी।

 

Source

Picture Source :