"दिल्ली के निजामुद्दीन वेस्ट में एक सार्वजनिक पार्क को पार्टी लॉन में बदलने और उसके गलत कॉमर्शियल इस्तेमाल का आरोप लगा है। इसको लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका भी दाखिल कर दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस याचिका पर दिल्ली सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के साथ ही निजामुद्दीन वेस्ट एसोसिएशन को नोटिस जारी किया है।"
पार्क को कब्जा करने का आरोप
"याचिका में निजामुद्दीन वेस्ट रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन पर गैर-कानूनी तरीके से सार्वजनिक पार्क को कब्जा करने का आरोप भी लगाया गया है। न्यायमूर्ति मिनी पुष्करणा की पीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए ध्यान किया कि याचिका में प्रतिवादियों को निजामुद्दीन वेस्ट एसोसिएशन आरडब्ल्यूए के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की गई है।"
पार्क में अतिक्रमण का आरोप
"याचिका में कहा गया है कि निजामुद्दीन वेस्ट कम्युनिटी सेंटर के पास सार्वजनिक पार्क में अतिक्रमण किया गया है। इस पार्क को पार्टी लॉन में बदल दिया गया है। यहां शादियां, पार्टियों व दूसरे व्यावसायिक आयोजन किए जा रहे हैं। जबकि यह एक सार्वजनिक पार्क है। पीठ नेसभी प्रतिवादियो को नोटिस जारी किया है। प्रतिवादियों को चार सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है।"
85 साल के बुजुर्ग ने दायर की याचिका
"यह याचिका 85 साल के वरिष्ठ नागरिक ने शिराज परवीन ने दायर की है। याचिकाकर्ता निजामुद्दीन वेस्ट के स्थाई निवासी हैं। याचिकाकर्ता का कहना है कि वह कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभागों को कर चुके हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते याचिकाकर्ता को अदालत का रुख करना पड़ा। याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता बुजुर्ग की अधिक उम्र होने के कारण उन्हें इस पार्क में देर रात होने वाले कार्यक्रम से बहुत दिक्कत होती है।"
बीमारी का दिया हवाला
"याचिका में कहा गया है कि तेज म्यूजिक, पटाखे, गैर कानूनी पार्किंग, कचरा इकठ्ठा होने और अवैध निर्माण की वजह से उनके परिवार को स्वास्थ्य संबंधी और पर्यावरणीय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। याचिकाकर्ता का कहना है कि वह उच्च रक्तचाप, किडनी की दिक्कत, हाइपरथायरायडिज्म के साथ ही दिल की बीमारी से पीड़ित हैं। पार्क में इन गतिविधियों की वजह से उनकी मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं।"
Picture Source :

