दिल्ली हाई कोर्ट में उद्योगपति संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर ने बच्चों समायरा और कियान की शिक्षा से जुड़े खर्चों के लिए धनराशि निकालने की अनुमति मांगी है। संजय कपूर की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रिया कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट में आवेदन दाखिल कर अंतरिम आदेश में संशोधन और स्पष्टीकरण की मांग की है।
याचिका में प्रिया कपूर ने हाई कोर्ट के 30 अप्रैल के आदेश में संशोधन करते हुए संजय कपूर के कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) खाते से केवल शिक्षा संबंधी खर्चों के लिए निकासी की अनुमति देने का अनुरोध किया है। इसमें स्कूल और विश्वविद्यालय फीस, बोर्डिंग, लाजिंग और भारत व विदेश में यात्रा से जुड़े उचित खर्च शामिल हैं। आवेदन में करिश्मा और संजय कपूर के बच्चों समायरा कपूर और कियान राज कपूर की पढ़ाई का हवाला दिया गया है।
प्रिया कपूर ने अदालत से एक अन्य प्रतिवादी के विदेशी स्कूल की फीस जमा करने की अनुमति भी मांगी है। साथ ही यह आश्वासन दिया है कि निकासी का पूरा ब्योरा और संबंधित दस्तावेज हर तिमाही अदालत के समक्ष पेश किए जाएंगे।
इसके अलावा आवेदन में एचएसबीसी यूके और जेपी मार्गेन चेस बैंक में मौजूद कुछ विदेशी संयुक्त बैंक खातों के संचालन की अनुमति भी मांगी गई है। हालांकि, इसमें यह भी कहा गया है कि 12 जून 2025 तक खातों में मौजूद राशि के अनुपात में संपत्ति का हिस्सा सुरक्षित रखा जाएगा।
आवेदन में कहा गया है कि मांगी गई राहतें केवल संचालन संबंधी हैं, ताकि मुकदमे की सुनवाई के दौरान बच्चों की शिक्षा और रखरखाव से जुड़ी वित्तीय जिम्मेदारियां प्रभावित न हों।
इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने संजय कपूर की वसीयत की वैधता को लेकर उठे विवाद के बीच उनकी संपत्ति पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। अदालत ने संपत्ति पर किसी तीसरे पक्ष का अधिकार बनाने पर रोक लगाते हुए मुकदमे के निपटारे तक संपत्ति को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे।
यह विवाद करिश्मा कपूर से पूर्व विवाह से हुए संजय कपूर के बच्चों की ओर से दायर याचिकाओं के बाद शुरू हुआ। हाई कोर्ट ने कहा था कि वसीयत को लेकर संदिग्ध परिस्थितियां सामने आई हैं, इसलिए अंतिम निर्णय तक संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है। बताया जा रहा है कि इस संपत्ति का मूल्य करीब 30 हजार करोड़ रुपये है।
Picture Source :