आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में हाल ही में एक मामले की सुनवाई के दौरान जज साहब बुरी तरह भड़क गए। सुनवाई के दौरान जस्टिस तर्लादा राजशेखर राव एक युवा वकील पर इस कदर भड़क गए कि उन्होंने उसे 24 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दे दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 घटना सोमवार को हुई जब कोर्ट में एक याचिका पर सुनवाई चल रही थी। इसमें याचिकाकर्ता के खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस और पासपोर्ट जब्त किए जाने को चुनौती दी गई थी। सुनवाई के दौरान जज मामले को स्थगित करने का मन बना रहे थे, तभी वकील और जज के बीच बहस छिड़ गई।

जज ने वकील को फटकार लगाते हुए कहा, "क्या मैंने आपकी रिट याचिका खारिज कर दी है? आपको लगता है कि आप बहुत बड़े सीनियर एडवोकेट हैं? पुलिस को बुलाइए। अब तुम जाओ और अपील दायर करो।" हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वकील ने ऐसी क्या बात कही थी जिससे जस्टिस राव इतने नाराज हो गए।

हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा वकील

कोर्ट रूम में तनाव इतना बढ़ गया कि युवा वकील हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा। उसने कहा, "मुझे माफ कर दीजिए। प्लीज मिलॉर्ड। " उसने यह भी कहा कि वह काफी 'दर्द' में है, लेकिन जज साहब का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जस्टिस राव ने अन्य वकीलों को गवाह बताते हुए कहा, "याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट में बेहद ढीठ व्यवहार किया है।" इसके बाद उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि वकील को 24 घंटे के लिए हिरासत में ले लिया जाए।

बार एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद मिली राहत

हाईकोर्ट के आदेश के बाद बार एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली। जानकारी के मुताबिक, बार एसोसिएशन के दखल के बाद कोर्ट ने वकील को पुलिस हिरासत में भेजने के अपने आदेश को रद्द कर दिया। फिलहाल इस मामले की सुनवाई गर्मी की छुट्टियों के बाद तक के लिए टाल दी गई है।

Source link

Picture Source :